Generic selectors
Exact matches only
Search in title
Search in content
Post Type Selectors

विश्वयंत्र

कैसी  है ये कल्पना निष्ठुर, क्यों रचा  विश्वयंत्र ठाकुर।
चित्रकारी  की बड़ी  चतुर, मानव  हृदय बनाया  आतुर।।

चक्का  लगा  चँद्र-सूरज का, संचालन किया सृष्टि  का,
उर्जा-निद्रा  का  कर प्रबंध,  आगमन  कराया  वृष्टि का।
बो कर प्रेम-ईर्ष्या  बीज, सत्य-असत्य का  फोड़ा अंकूर;
कैसी  है ये कल्पना निष्ठुर, क्यों रचा  विश्वयंत्र  ठाकुर।।

सजीव-निर्जीव  दो  कल-पुर्ज़े,  वृत   को  रखे  गतिमान,
सुख-दु:ख दो स्तम्भ बनाए, दिवाल खड़ी उसपे अभिमान।
मानव लीला  का  लेवे  आनंद, इन्द्रभूमि  पर  बैठ  मयूर;
कैसी  है ये कल्पना निष्ठुर, क्यों रचा विश्वयंत्र  ठाकुर।।

धैर्य-अधैर्य  परिक्षा  को, बिछाया स्त्री – स्वर्ण का  जाल,
नृशंसता कही उत्पन्न हुई  कही  खिला दया  का मृणाल।
आडम्बर – प्रिय बना  संसार, व्यापक हुआ समस्त  ग़रूर;
कैसी  है  ये  कल्पना निष्ठुर, क्यों रचा  विश्वयंत्र ठाकुर।।

बड़ा  प्रपंचमय यंत्र बनाया, प्रेम-अनुराग से  उसे  सजाया,
‘मन’ नाम का शैतान रचा, फिर कहे छद्म सब मोह-माया।
नर्क  का  सुगम  मार्ग बना कर  मोक्ष का फैलाया  कस्तूर;
कैसी  है  ये  कल्पना निष्ठुर, क्यों  रचा विश्वयंत्र  ठाकुर।।
चित्रकारी  की  बड़ी  चतुर, मानव  हृदय   बनाया  आतुर।।

मृणाल – कमल, नाज़ुक, एक कमल की जड़
प्रपंच – छल–कपट से भरा कार्य, छलपूर्ण कार्य।
छद्म – छल, कपट, ढोंग।

आभा….🖋

Leave a Comment